
*”दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के 46 साल के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष को नाबालिग कहकर आपने राजनीति की मर्यादा तार-तार कर दी” – भूपेश बघेल पर गरजे मंत्री ओपी चौधरी*
*भूपेश के बयान पर ओपी को पलटवार*
रायगढ़ :- पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को ‘नाबालिग’ कहे जाने पर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कड़ा पलटवार करते हुए कहा कि भूपेश बघेल जी, आपने दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष को नाबालिग कहकर राजनीतिक मर्यादाओं को तार-तार करने का काम किया है। ओपी चौधरी ने कहा पहले अपने 57 साल के बालिग परिवारवादी नेता को समझाइए कि वे विदेशी हाथों की कठपुतली क्यों बने हुए हैं। विदेशी ताकतों की कठपुतली बनकर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश करने से देश की जनता उनकी कुर्सी लोलुपता के राजनीतिक सपने को कभी पूरा नहीं होने देगी। ओपी चौधरी ने याद दिलाते हुए कहा कि जिसे आप नाबालिग राष्ट्रीय अध्यक्ष कह रहे हैं, 46 साल के उसी युवा ने भारतीय जनता पार्टी के संगठन की राजनीति करते हुए छत्तीसगढ़ की जनता के आशीर्वाद से आपको सत्ता से बेदखल करने का काम किया था। आपको वो भी याद रखना चाहिए। मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि अगर दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा ने 46 साल के एक युवा को अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना है, तो यह युवाओं पर भरोसे का प्रतीक है। आप उसका विरोध करके और उसके लिए अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करके यह प्रमाणित कर रहे हैं कि आप और आपकी कांग्रेस पार्टी युवा-विरोधी हैं। कांग्रेस हमेशा परिवारवाद को बढ़ावा देती है और जब भाजपा एक सामान्य कार्यकर्ता को, एक युवा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाती है तो कांग्रेस को तकलीफ होती है। भूपेश बघेल जी को इन बातों का पहले जवाब देना चाहिए कि उनकी पार्टी युवाओं को कब मौका देगी।



