चपले की पुरानी बस्ती में लो वोल्टेज से जनता परेशान, ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने की गईं मांग!

चपले :- खरसिया विकासखंड के चपले क्षेत्र की पुरानी बस्ती में लंबे समय से लो वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हैं। ग्रामीणों द्वारा लगातार शिकायत और जनदर्शन में आवेदन दिए जाने के बाद अब तक विद्युत विभाग ने ट्रांसफार्मर की व्यवस्था नहीं कर पाया है.
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित, चपले कार्यालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार पुरानी बस्ती में स्थापित 63 केवीए ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक भार होने के कारण क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर को 100 केवीए में बदलने की मांग की थी।
विद्युत विभाग ने जानकारी दी है कि ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि के लिए प्राक्कलन तैयार कर उच्च कार्यालय को भेज दिया गया है। विभागीय पत्र में उल्लेख किया गया है कि प्राक्कलन क्रमांक L5332A252527 के तहत प्रस्ताव 24 मार्च 2026 को अग्रेषित किया गया है। उच्च कार्यालय से कार्यादेश प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला कलेक्टर जनदर्शन में भी पहुंचा था, जिसके बाद विभाग हरकत में आया। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में लो वोल्टेज के कारण पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि विभाग जल्द से जल्द स्वीकृति प्रदान कर ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य शुरू करे ताकि पुरानी बस्ती के लोगों को राहत मिल सके।



