LIVE TVदेशब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराज्य

समाधान शिविर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई 40 हजार की रिश्वत लेते सहायक ग्रेड-2 बाबू गिरफ्तार, शिविर में मचा हड़कंप

कोरबा। जिले के पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के तुमान में “सुशासन तिहार” के तहत आयोजित समाधान शिविर में शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बी ई ओ ऑफिस के सहायक ग्रेड-2 के बाबू प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद पूरे शिविर में हड़कंप की स्थिति बन गई और अधिकारी-कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल अपनी जीपीएफ पासबुक में एंट्री कराने के लिए समाधान शिविर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पदस्थ सहायक ग्रेड-2 बाबू प्रदीप मिश्रा ने कार्य करने के एवज में 40 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। लगातार परेशान किए जाने के बाद शिक्षक ने इसकी शिकायत बिलासपुर एंटी करप्शन ब्यूरो से की।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन कराया और बिलासपुर ACB के डीएसपी अजीत सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। शुक्रवार को योजना के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता अमृतलाल बघेल ने आरोपी बाबू को 40 हजार रुपए दिए, पहले से मौजूद ACB टीम ने उसे रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के तुरंत बाद ACB टीम आरोपी को हिरासत में लेकर शिविर परिसर स्थित कोषा विभाग के कमरे में पूछताछ के लिए ले गई। इस दौरान समाधान शिविर में मौजूद अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों में भी दहशत का माहौल देखने को मिला।
ACB की इस कार्रवाई को प्रशासनिक व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button