मंडल प्रभारी लोचन पटेल के नेतृत्व में गोर्रा बूथ में सुनी गई प्रधानमंत्री मोदी की ‘मन की बात’,

रायगढ़:- खरसिया विधानसभा क्षेत्र के सूपा मंडल अंतर्गत ग्राम गोर्रा के बूथ में मंडल प्रभारी लोचन पटेल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया।
प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को प्रसारित होता है। 31 मई 2026 को प्रसारित इसकी 134वीं कड़ी को देशभर के करोड़ों नागरिकों ने सुना। ग्राम गोर्रा में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं की देशहित में बढ़ती भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि आज का युवा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के एथलीटों गुरिंदर वीर एवं अमिनेष की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सेवा कार्यों के लिए संसाधनों से अधिक मजबूत संकल्प और जज्बे की आवश्यकता होती है। उन्होंने बताया कि भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित करने के प्रयास लगातार जारी हैं। इसी क्रम में नीदरलैंड द्वारा भारत को 21 बड़े एवं 3 छोटे ताम्रपत्र लौटाए गए हैं, जो देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत संचालित एम्बुलेंस सेवाओं का भी उल्लेख किया, जिनके माध्यम से नदियों एवं जलाशयों में रहने वाले जीवों का संरक्षण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने एक भटकी हुई डॉल्फिन को सुरक्षित बचाकर उसके प्राकृतिक आवास में वापस पहुंचाने की घटना का भी जिक्र किया।
देश में पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव को लेकर प्रधानमंत्री ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्गों और बच्चों की देखभाल पर जोर दिया। साथ ही भारत के प्रसिद्ध आमों—हापुस (अल्फांसो), केसर, दशहरी, लंगड़ा और चौसा—का उल्लेख करते हुए किसानों के परिश्रम की सराहना की और कहा कि भारतीय आम अब वैश्विक बाजारों में अपनी विशेष पहचान बना रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।



