
रायगढ़। जिला पंचायत रायगढ़ अंतर्गत जनपद पंचायत पुसौर की बिहान शाखा में संचालित चारों क्लस्टरों में लखपति दीदी चयन प्रक्रिया को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। शिकायतकर्ता द्वारा दावा किया गया है कि पात्र महिलाओं को लखपति दीदी का दर्जा देने के बजाय अपात्र महिलाओं का चयन किया गया है।
इस संबंध में शिकायतकर्ता ने राज्य सरकार के सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान बड़े भंडार में आवेदन प्रस्तुत कर वर्ष 2024-25, 2025-26 एवं 2026-27 में किए गए लखपति दीदी एवं लखपति सीआरपी चयन की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, विकास आयुक्त कार्यालय नवा रायपुर अटल नगर द्वारा जारी पत्र क्रमांक 2438/वि.-6/NRLM/FL-LH/2023-24 दिनांक 26 दिसंबर 2023 में निर्धारित मापदंडों एवं दिशा-निर्देशों का पालन चयन प्रक्रिया में नहीं किया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जनपद पंचायत पुसौर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने 2 जून 2026 को जांच के आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार जांच अधिकारी की नियुक्ति कर सात दिवस के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त आदेश की प्रतिलिपि शिकायतकर्ता को भी उपलब्ध कराई गई है।
अब क्षेत्र में चर्चा का विषय यह है कि जांच अधिकारी सभी ग्राम पंचायतों में हुए लखपति दीदी चयन की निष्पक्ष और व्यापक जांच कर वास्तविक स्थिति उजागर कर पाएंगे या नहीं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चयन प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितताओं की सच्चाई सामने आ सकेगी।



