खरसिया। जनपद पंचायत खरसिया के अंतर्गत ग्राम पंचायत टेमटेमा के आश्रित ग्राम सेंन्द्रिपाली के ग्रामीणों एवं पंचों ने ग्राम पंचायत में कथित अनियमितताओं और मनरेगा कार्यों में फर्जीवाड़े को लेकर सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई हैl
ग्रामीणों ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि सरपंच उर्वशी राठिया, सरपंच पति निरंजन राठिया, सचिव एवं ग्राम पंचायत रोजगार सहायक द्वारा मनरेगा कार्यों में अनियमितताएं बरती जा रही हैं। शिकायत के अनुसार निजी व्यक्तियों एवं कुछ पंचों के नाम से फर्जी मास्टर रोल तैयार किए जा रहे हैं तथा निर्माण कार्यों में फर्जी जियो-ट्रैकिंग कर शासकीय राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कार्य प्रारंभ होने और कार्य पूर्ण होने के समय संबंधित व्यक्तियों को बुलाकर केवल औपचारिक रूप से जियो-ट्रैकिंग की जाती है, जबकि वास्तविक कार्य किसी अन्य द्वारा किया जाता है। इसके अलावा जिन लोगों ने कार्य नहीं किया, उनके नाम पर भी मास्टर रोल जारी किए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि सरपंच पति द्वारा ग्रामीणों से कहा जाता है कि “मेरा क्या कर लोगे, मैं अपने तरीके से मनरेगा कार्य संचालित करूंगा।”
महिला पंच अमीषा पटेल ने भी शिकायत में बताया कि पंचायत की बैठकों की सूचना उन्हें नहीं दी जाती है। साथ ही पंचायत की मासिक बैठकों, कैश बुक, बिल-वाउचर एवं अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जानकारी भी पंचों को नहीं दी जाती।ग्रामीण महिला पार्वती सिन्हा और शंकुतला ने कहा की सरपंच पति रोजगार सहायक को अन्यत्र पंचायत अटैच की जावे ताकि मनरेगा कार्य निष्पक्षता से चल सके क्योंकि सरपंच पति होनें और उसी पंचायत मे पदस्थ होने के कारण मनमानी रवैया करता हैँ lमामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जनपद पंचायत खरसिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
अब देखना होगा कि जांच में ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोप कितने सही साबित होते हैं और ग्राम पंचायत टेमटेमा में कथित मनरेगा फर्जीवाड़े का खुलासा हो पाता है या नहीं।



