वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इंडो-नेपाल ताइक्वांडो चैंपियनशिप के विजेता खिलाड़ियों को दी बधाई, रायगढ़ के खिलाड़ियों ने जीते 10 स्वर्ण पदक !

रायगढ़। नेपाल के पोखरा में आयोजित इंडो-नेपाल इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में रायगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। रायगढ़ किड्स ताइक्वांडो एकेडमी स्पोर्ट्स क्लब के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए कुल 10 स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री व रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने अपने रायगढ़ स्थित कार्यालय में सभी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता पूरे रायगढ़ और छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर इन प्रतिभावान खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया है।
वित्त मंत्री चौधरी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण से ही ऐसी उपलब्धियां हासिल होती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों में उत्साह का माहौल रहा। सभी ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को रायगढ़ जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।



