ग्राम पंचायत कुलबा में अमृत सरोवर निर्माण कार्य का शुभारंभ, ₹300 मजदूरी दर से श्रमिकों में खुशी की लहर !

रायगढ़। जनपद पंचायत रायगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत कुलबा में अमृत सरोवर निर्माण कार्य के तहत वीबी-जी राम जी (VB-G RAM G) योजना का शुभारंभ किया गया। 2 जुलाई को आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लेकर योजना के प्रारंभ का स्वागत किया और मजदूरी दर ₹300 प्रतिदिन किए जाने की जानकारी मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

इस अवसर पर श्रमिकों ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान तथा विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। श्रमिकों ने कहा कि मजदूरी दर में वृद्धि से ग्रामीण मजदूरों और उनके परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा तथा उनकी आजीविका और अधिक सशक्त होगी।

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत कुलबा में अमृत सरोवर निर्माण कार्य से जहां एक ओर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, वहीं दूसरी ओर जल संरक्षण एवं भू-जल संवर्धन को भी बढ़ावा मिलेगा। केंद्र सरकार की यह जनकल्याणकारी योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, जल संसाधनों के संरक्षण और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कुलबा के सरपंच, उपसरपंच, पंचगण, तकनीकी सहायक, ग्राम रोजगार सहायक, श्रमिक एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने योजना के सफल संचालन एवं ग्राम के समग्र विकास के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।



