LIVE TVब्रेकिंग न्यूज़

ग्राम पंचायत चिखली में कार्रवाई, बाकी पंचायतों में खामोशी! अतिरिक्त जिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी की निरीक्षण व्यवस्था पर उठे सवाल?

रायगढ़। जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जनपद पंचायत पुसौर के ग्राम पंचायत चिखली का औचक निरीक्षण कर सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि सवाल यह उठ रहा है कि क्या केवल एक पंचायत में निरीक्षण कर कार्रवाई कर देना पर्याप्त है, जबकि जनपद पंचायत क्षेत्र की अन्य ग्राम पंचायतों की कार्यप्रणाली भी जांच के दायरे में आनी चाहिए।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का मानना है कि यदि जिला स्तर के अधिकारी समय-समय पर कार्यालयीन दिवसों में जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली सभी ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण करें, तो पंचायतों में संचालित योजनाओं, कार्यालयीन व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण तथा विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
लोगों का कहना है कि केवल एक पंचायत में पहुंचकर सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी कर देना अधिकारियों की जवाबदेही का पर्याप्त प्रमाण नहीं माना जा सकता। यदि अधिकारी वास्तव में अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग हैं, तो उन्हें पूरे जनपद क्षेत्र की पंचायतों में नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करना चाहिए।
क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि व्यापक निरीक्षण अभियान से पंचायतों में पारदर्शिता बढ़ेगी, लापरवाही पर अंकुश लगेगा और शासन की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सकेगा। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस दिशा में आगे क्या कदम उठाता है।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button