केऔसुब इकाई एलएसटीपीपी लारा के एएसआई प्रदीप कुमार देवता पुलिस पदक से सम्मानित !

रायगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की केऔसुब इकाई एलएसटीपीपी लारा (रायगढ़) में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) प्रदीप कुमार देवता को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए “पुलिस पदक” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया है।

प्रदीप कुमार देवता रायगढ़ जिले के मिडमिडा गांव के निवासी हैं। उन्होंने वर्ष 1988 में CISF में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं और लगभग 38 वर्षों के लंबे कार्यकाल में विभिन्न महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील इकाइयों में अपनी जिम्मेदारियां निभाई हैं।
अपने सेवा काल के दौरान उन्होंने ईसीएल शीतलपुर एवं बीआईओएम बचेली जैसी चुनौतीपूर्ण इकाइयों के साथ-साथ दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे देश के प्रमुख एवं संवेदनशील हवाई अड्डों पर भी उल्लेखनीय सेवाएं प्रदान की हैं। वर्तमान में वे एलएसटीपीपी लारा, रायगढ़ इकाई में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
उनकी इस उपलब्धि से न केवल CISF परिवार बल्कि रायगढ़ जिले का भी गौरव बढ़ा है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्राप्त यह सम्मान उनके समर्पण, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। क्षेत्रवासियों एवं CISF अधिकारियों-कर्मचारियों ने देवता को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


