पुटकापुरी की महिलाओं का संकल्प: नशा बेचने वालों पर होगी कार्रवाई, गांव बनेगा नशामुक्त!

रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत सूपा मंडल के ग्राम पंचायत पुटकापुरी में गुरुवार को महिला संगठन के नेतृत्व में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। गांव को नशामुक्त बनाने और युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में महिला संगठन, भाजपा महिला मोर्चा, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीण महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
महिला संगठन की अध्यक्ष नीलम महंत, सचिव मंजू पटेल एवं कोषाध्यक्ष गीता पटेल के नेतृत्व में निकाली गई रैली में भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रामवती चौहान तथा ग्राम सरपंच रमाकांत पटेल भी शामिल हुए। रैली के दौरान महिलाओं ने गांव के विभिन्न मोहल्लों में भ्रमण कर “नशा छोड़ो, गांव बचाओ” और “नशामुक्त गांव हमारा संकल्प” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
महिला संगठन की अध्यक्ष नीलम महंत ने कहा कि वर्तमान समय में युवा वर्ग ही नहीं, बल्कि कम उम्र के बच्चे भी नशे की गिरफ्त में आते जा रहे हैं। नशे के कारण परिवारों में कलह और घरेलू हिंसा जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं, जिससे समाज का ताना-बाना प्रभावित हो रहा है।
भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रामवती चौहान ने कहा कि गांवों में शराब एवं अन्य नशे की वस्तुओं की बिक्री के कारण सट्टा, जुआ और आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। इसके चलते आए दिन विवाद और झगड़े की स्थिति बनती है, जिसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव महिलाओं और बच्चों पर पड़ता है।
ग्राम सरपंच रमाकांत पटेल ने महिला संगठन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव को नशामुक्त बनाने के लिए पंचायत स्तर पर हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस जनजागरण अभियान में पंचायत सदैव महिलाओं के साथ खड़ी रहेगी।
कार्यक्रम के समापन पर महिला संगठन एवं ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। साथ ही यह निर्णय भी लिया गया कि यदि गांव में किसी प्रकार के नशे का अवैध कारोबार जारी रहता है तो शासन-प्रशासन और कानून का सहयोग लेकर उसके विरुद्ध कार्रवाई कराई जाएगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, पंचायत प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



