सर्जिकल स्ट्राइक के शौर्य से हर घर मुनगा तक – पीएम मोदी ने देश से किया दिल से संवाद:- ओपी चौधरी*

*ओपी ने सुना ‘मन की बात’ का 138 एपिसोड*
रायगढ़ :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138 वें एपिसोड को रायपुर निवास में वित्त मंत्री विधायक रायगढ़ ओपी चौधरी ने पूरे मनोयोग से सुना। 138 वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने देश के कई प्रेरणादायी विषयों पर देशवासियों से अपने मन की बात साझा की। पीएम मोदी ने सबसे पहले सर्जिकल स्ट्राइक में भाग लेने वाले हमारे वीर जवानों के अदम्य शौर्य और पराक्रम को नमन किया और बताया कि कैसे हमारे जवानों ने देश की सुरक्षा के लिए अतुलनीय साहस दिखाया। इसके साथ ही उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान पर जोर देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। एपिसोड का सबसे खास क्षण तब रहा जब प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के अभिनव अभियान हर घर मुनगा – घर घर मुनगा का राष्ट्रीय मंच से उल्लेख किया। उन्होंने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि सहजन (मुनगा) पोषण का खजाना है और छत्तीसगढ़ ने इसे घर-घर तक पहुंचाकर स्वास्थ्य और स्वावलंबन की एक नई मिसाल पेश की है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि ‘मन की बात’ अब केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों तक पहुंचने और उनसे जुड़ने का सबसे सशक्त माध्यम बन चुका है, जिसमें प्रधानमंत्री सीधे आम जन के प्रयासों को सम्मान देते हैं।



