चन्द्रपुर में गौरवपथ निर्माण अधूरा, खाद और बिजली संकट से जनता परेशान, 12 जुलाई को होगा धरना प्रदर्शन

सक्ती (छत्तीसगढ़)। नगर पंचायत चन्द्रपुर के नागरिकों ने बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर एक बार फिर आवाज़ बुलंद की है। चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव के नेतृत्व में जिलाधीश को सौंपे गए ज्ञापन में तीन प्रमुख समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है – गौरवपथ निर्माण का अधूरा कार्य, उर्वरक खाद की भारी कमी और निरंतर बिजली कटौती।
ज्ञापन में बताया गया है कि चन्द्रपुर स्थित प्रसिद्ध मां चन्द्रहासिनी देवी शक्तिपीठ में हर वर्ष नवरात्रि के दौरान लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पंचायत द्वारा गौरवपथ निर्माण का कार्य शुरू कराया गया था, लेकिन कार्य अभी तक अधूरा पड़ा है। अधूरी सड़क और भारी वाहनों की आवाजाही के चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे श्रद्धालु और स्थानीय नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही, चन्द्रपुर विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों उर्वरक खाद की भारी कमी से किसान वर्ग परेशान है। वहीं बिजली कटौती ने आम जनता की दिनचर्या अस्त-व्यस्त कर रखी है।
चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव ने चेतावनी दी है कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो 12 जुलाई 2025 को प्रातः 10 बजे से नगर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी ज़िम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री, विद्युत विभाग तथा जिला प्रशासन के सभी संबंधित अधिकारियों को प्रेषित की गई है।



