केलो के सच्चे सपूत : स्व. शिव राजपूत जी को पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष नरेश पटेल ने दी श्रद्धांजलि

रायगढ़। आदरणीय शिव राजपूत जी के निधन का समाचार सुनकर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष नरेश पटेल ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जनहितकारी मार्गदर्शन को याद किया।
श्री पटेल ने कहा कि –
“जब भूपण स्टील कंपनी द्वारा धनागर, जोरापाली, बड़मुड़ा, बचनपुर और गेजामुड़ा की 1100 एकड़ भूमि पर प्लांट स्थापित करने की तैयारी की जा रही थी, तब मैंने 76 दिनों तक आंदोलन किया। धनागर से लेकर कलेक्ट्रेट तक 32 ट्रैक्टर और अन्य साधनों के साथ मानव शृंखला की रैली निकाली। रायगढ़ की सड़कों पर यह संघर्ष गूंज उठा। सन 2000 का यह संघर्ष भूपण स्टील के खिलाफ जनविरोध का प्रतीक बन गया।”
उन्होंने बताया कि आंदोलन को तोड़ने के लिए कंपनी द्वारा 20 लाख रुपए तक का प्रलोभन भी दिया गया, लेकिन जनता की एकजुटता ने कंपनी को असफल कर दिया।
“हमारी एकता ही हमारी ताकत थी। जोगी जी का शासन था, हर तरह से दबाव बनाया गया, लेकिन न तो कोई तोड़ सका, न खरीद सका, न झुका सका। अंततः कंपनी को उड़ीसा के अंगुल में अपना प्लांट स्थापित करना पड़ा।”

नरेश ने कहा कि यह सब संभव हो सका क्योंकि संघर्ष के हर कदम पर उन्हें शिव राजपूत जी(पत्रकार) का सतत मार्गदर्शन और सहयोग मिला। राजपूत ज़ी अपनी जीवन को पर्यावरण, और केलो नदी के संरक्षण के लिए समर्पित कर दिया l
अंत में उन्होंने कहा –
“आज जब उन दिनों को याद करता हूं तो आंखें नम हो जाती हैं। मैं परमात्मा से प्रार्थना करता हूं कि वे शिव राजपूत जी की आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें। उनका जनहितकारी योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।”



