चक्रधर समारोह के प्रशस्ति पत्र का घोर अपमान राष्ट्रीय कलाकार पद्मश्री कैलाश खेर को दिया गया प्रशस्ति पत्र कचरे के ढेर में मिला!

रायगढ़ :- प्रतिष्ठित चक्रधर समारोह के दौरान राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गायक एवं पद्मश्री सम्मानित कलाकार कैलाश खेर को जिला प्रशासन द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया था। लेकिन समारोह के बाद यह प्रशस्ति पत्र कचरे के ढेर में पड़ा हुआ मिला, जिससे पूरे जिले की गरिमा पर सवाल उठ रहे हैं।स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिरकार यह प्रशस्ति पत्र कलाकार ने स्वयं फेंका या फिर किसी जिम्मेदार अधिकारी की लापरवाही के चलते यह अपमानजनक स्थिति बनी?

समारोह से जुड़े सूत्रों का कहना है कि प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारी को सम्मान पत्र को सुरक्षित रखने और ससम्मान कलाकार तक पहुँचाने की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन इस घटना ने प्रशासनिक संवेदनशीलता और व्यवस्था दोनों पर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
कला जगत और सांस्कृतिक प्रेमियों ने जिला प्रशासन से इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेकर जांच कराने की मांग की है, ताकि दोषियों की जिम्मेदारी तय की जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



