जनपद पंचायत पुसौर में भ्रष्टाचार का खेल जारी, ओडेकेरा पंचायत में खुली लूट!


पुसौर। जनपद पंचायत पुसौर क्षेत्र में भ्रष्टाचार का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक के बाद एक मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति होती दिख रही है। ताजा मामला ग्राम पंचायत ओडेकेरा के सराईपाली का है, जहां पूर्व आंगनबाड़ी केंद्र के जर्जर भवन की सामग्री को शासन की स्वीकृति ओड़ेकेरा बाबा कुटी और चौपाल के निर्माण कार्य में पुराना सामग्री का उपयोग कर लिया गया।
ग्रामवासी ने इस मामले की शिकायत जनपद पंचायत पुसौर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) से की थी, लेकिन हैरानी की बात यह है कि शिकायत के बावजूद आज तक न तो जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया और न ही किसी प्रकार की कार्यवाही की गई। इससे यह स्पष्ट है कि पंचायत तंत्र में मिलीभगत का खेल चल रहा है और भ्रष्टाचारियों को प्रशासन का कोई डर नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकारी और सरपंच-सचिव की सांठगांठ से सरकारी सामग्री का मनमाना उपयोग किया जा रहा है, जिससे शासन की योजनाएं मजाक बनकर रह गई हैं। जनता अब सवाल कर रही है — आखिर कब तक चलेगा यह भ्रष्टाचार का खेल?
पुसौर जनपद प्रशासन से अपेक्षा है कि वह इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दोषियों पर कठोर कार्यवाही करे, ताकि जनहित से जुड़ी योजनाओं का सही उपयोग हो सके और ग्रामीणों का भरोसा प्रशासन पर बहाल हो सके।



