जनपद पंचायत पुसौर में मनरेगा योजना में भ्रष्टाचार का खेल, फाइलों में ही हुआ बृक्षारोपण!!

जनपद पंचायत पुसौर में मनरेगा योजना में भ्रष्टाचार का खेल, फाइलों में ही हुआ बृक्षारोपण!
पुसौर। जनपद पंचायत पुसौर में मनरेगा योजना के तहत चल रहे कार्यों में भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की बू आ रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, योजना के अंतर्गत दिखाया गया बृक्षारोपण सिर्फ कागजों में सीमित है। वास्तव में जिन स्थानों पर पौधे लगाए जाने का दावा किया गया है, वहां न तो पौधे हैं और न ही उनकी देखरेख का कोई इंतजाम।
ग्रामीणों ने बताया कि कई स्थानों पर मनरेगा योजना के तहत हजारों पौधों का रोपण दिखाया गया है, जबकि मौके पर जाकर देखने पर खाली जमीन नजर आती है। बताया जा रहा है कि तकनीकी सहायक और रोजगार सहायकों की मिलीभगत से यह पूरा भ्रष्टाचार का खेल चल रहा है। कागजों में काम पूरा दिखाकर लाखों रुपए का भुगतान कर दिया गया, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।
इस मामले में जनपद के जिम्मेदार अधिकारी मौन हैं, जबकि शिकायतों के बावजूद अब तक कोई जांच या कार्रवाई नहीं की गई है। इससे यह स्पष्ट होता है कि कहीं न कहीं प्रशासनिक स्तर पर भी लापरवाही बरती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो लाखों के घोटाले का खुलासा हो सकता है। जनपद पंचायत पुसौर में मनरेगा योजना के तहत चल रहे इन फर्जी बृक्षारोपण कार्यों ने शासन की छवि पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जनता अब शासन और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है।



