कला और संस्कारधानी रायगढ़ में जादू का शानदार प्रदर्शन गोपी टॉकीज में जादूगर आर.के. हीरालाल ने बटोरी दर्शकों की तालियाँ!

रायगढ़। कला और संस्कारधानी के नाम से प्रसिद्ध रायगढ़ शहर के गोपी टॉकीज में रविवार दोपहर 3 बजे जादू की अद्भुत प्रस्तुति देखने को मिली। प्रसिद्ध जादूगर आर.के. हीरालाल ने अपने फर्स्ट शो में महापौर जीवर्धन चौहान, वरिष्ठ पार्षद सुरेश गोयल एवं पत्रकार सुनील नामदेव का बुके भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।

जादूगर हीरालाल ने अपनी टीम के साथ मंच पर एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज जादुई करतब दिखाए। इंद्रजाल कौशल के माध्यम से फोटो फ्रेम से अचानक कबूतर निकालकर उड़ाना, लड़की को पेट से दो भाग में विभाजित करना, लोहे के बॉक्स में बंद लड़की के सिर को चारों ओर घुमाना जैसे रोमांचकारी प्रदर्शन ने दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया।
इसी क्रम में दूध से भरे गिलास को दूसरी जगह स्थानांतरित करना, बर्तन रैक से गिलासों को गायब कर बॉक्स से वापस निकालना, खाली बॉक्स को हवा में नचाना, मैजिक वाटर, मैजिक लेडी और लाइट इन शेडो जैसे नए प्रयोग भी देखने को मिले।
दर्शकों की अंगूठी को स्टेज से गायब कर 8 बॉक्स के भीतर से निकालने का करतब सबसे खास रहा। वहीं बॉक्स में कैद आदमी की जगह महिला का निकलना, ताश के पत्तों का बदलना, थैले से कोका-कोला गायब करना तथा लड़की की जगह गोरिल्ला का प्रकट होना देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे।
शो के अंतिम चरण में बच्चे की गर्दन से तलवार आर-पार करने का साहसिक जादू दिखाया गया, जिस पर दर्शकों ने जोरदार तालियों की गड़गड़ाहट के साथ जादूगर आर.के. हीरालाल एवं उनकी टीम का उत्साह बढ़ाया।
जादू के माध्यम से मनोरंजन के इस अनोखे शो ने रायगढ़ के दर्शकों के दिलों में खास जगह बना ली।



