जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी को पुसौर खंड में नई मजबूती चंदू डनसेना बने खंड अध्यक्ष, संजीव पटेल को मिली बड़ी जिम्मेदारी!


रायगढ़ -छत्तीसगढ़ की अस्मिता, संस्कृति और छत्तीसगढ़ियों के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत करते हुए जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना द्वारा रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पुसौर खंड के ग्राम देवलसुर्रा में भव्य सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम दिनांक 21 दिसंबर 2025, रविवार को उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार करते हुए चंदू डनसेना को जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, पुसौर खंड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना की ओर से संजीव पटेल को खंड मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस नियुक्ति की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

खंड अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर चंदू डनसेना ने कहा कि वे पार्टी की नीति, रीति और सिद्धांतों का पूरी निष्ठा से पालन करेंगे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि छत्तीसगढ़ी संस्कृति, भाषा और स्वाभिमान की रक्षा के लिए वे हर संघर्ष को तैयार हैं। चंदू डनसेना ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी के सम्मान और छत्तीसगढ़वासियों के हक-अधिकार के लिए यदि बलिदान देना पड़े, तो वे उससे भी पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी आम छत्तीसगढ़िया की आवाज है और पार्टी का उद्देश्य सत्ता नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ियों को उनका अधिकार दिलाना है। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पुसौर क्षेत्र के सेनानियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा।
नवनियुक्त खंड मंत्री संजीव पटेल ने भी संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, कार्यकर्ता एवं छत्तीसगढ़िया आंदोलन से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
इस आयोजन के माध्यम से पुसौर खंड में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना को नई ऊर्जा और दिशा मिली है, जिससे आने वाले समय में संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।



