LIVE TVब्रेकिंग न्यूज़राज्य

वींबी-ज़ी राम ज़ी विभाग पुसौर में वृक्षारोपण के नाम पर भ्रष्टाचार, तकनीकी सहायक और रोजगार सचिव पर गंभीर आरोप*

*वींबी-ज़ी राम ज़ी विभाग पुसौर में वृक्षारोपण के नाम पर भ्रष्टाचार, तकनीकी सहायक और रोजगार सचिव पर गंभीर आरोप*
पुसौर :- शासन की महत्वाकांक्षी वींबी-ज़ी राम ज़ी योजना के अंतर्गत पुसौर विकासखंड में कराए गए वृक्षारोपण कार्यों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने तकनीकी सहायक एवं रोजगार सचिव की भूमिका को संदेहास्पद बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सूत्रों के अनुसार, कागजों में हजारों पौधे लगाने का दावा किया गया, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। कई स्थानों पर न तो गड्ढे दिखाई देते हैं और न ही पौधे मौजूद हैं। जहां पौधे लगाए भी गए, वहां देखरेख के अभाव में वे सूख चुके हैं। इसके बावजूद भुगतान की पूरी राशि निकाल ली गई, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लग रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि रोजगार उपलब्ध कराने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से चलाई जा रही योजना को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया गया। आरोप है कि तकनीकी सहायक और रोजगार सचिव ने आपसी मिलीभगत से फर्जी मस्टर रोल तैयार किए, मजदूरों की वास्तविक उपस्थिति दर्ज नहीं की गई और सामग्री मद में भी भारी गड़बड़ी की गई।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सवाल उठाया है कि जब मौके पर कार्य अधूरा है तो भुगतान किस आधार पर किया गया। क्या उच्च अधिकारियों ने बिना भौतिक सत्यापन के ही बिल पास कर दिए? यदि ऐसा है तो यह सिर्फ निचले कर्मचारियों तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े करता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और भ्रष्टाचार से हुए नुकसान की भरपाई की जाए। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।
अब देखना यह है कि प्रशासन इन गंभीर आरोपों पर क्या रुख अपनाता है और क्या पुसौर में भ्रष्टाचार के इस कथित खेल का पर्दाफाश हो पाता है या नहीं।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button