देशब्रेकिंग न्यूज़विश्व

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया डोंगीतराई में 70 लाख की लागत से बनने वाले स्कूल अतिरिक्त कक्ष का भूमिपूजन!

रायगढ़ :-खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत डोंगीतराई में आज शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में 70 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले अतिरिक्त कक्ष के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ नेता श्री राधेश्याम राठिया की गरिमामयी उपस्थिति रही।
भूमिपूजन कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की रीढ़ होती है और सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरी स्तर की शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। अतिरिक्त कक्षों के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण मिलेगा और विद्यालय में बढ़ती छात्र संख्या की समस्या का समाधान होगा।
विशिष्ट अतिथि श्री राधेश्याम राठिया ने कहा कि डोंगीतराई जैसे ग्राम पंचायतों में शिक्षा अधोसंरचना का विकास आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को मजबूत करेगा। उन्होंने शासन की शिक्षा हितैषी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने भी अपने विचार रखे और विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष स्वीकृत होने पर शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना था कि लंबे समय से विद्यालय में कक्षों की कमी महसूस की जा रही थी, जिससे विद्यार्थियों को अध्ययन में कठिनाई होती थी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह को मिठाई वितरित की गई और निर्माण कार्य को गुणवत्ता एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने की अपील की गई। इस भूमिपूजन के साथ ही डोंगीतराई गांव में शिक्षा विकास की एक नई शुरुआत मानी जा रही है।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button