वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने 2026-27 के बजट पर मंत्री स्तरीय चर्चा की, स्वास्थ्य व सामाजिक कल्याण पर विशेष फोकस!


रायपुर — आज मंत्रालय स्थित महानदी भवन में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट एवं नवीन मद प्रस्तावों को लेकर मंत्री स्तरीय बैठक आयोजित की। इस बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान आगामी बजट में शामिल किए जाने वाले प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समुदायों के लिए कल्याणकारी योजनाओं को और प्रभावी बनाने के विषय पर मंथन किया गया। वित्त मंत्री ने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े प्रस्तावों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का माध्यम होना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय से जुड़े क्षेत्रों में नवाचार, पारदर्शिता और परिणामोन्मुखी योजनाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।
मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विभागीय आवश्यकताओं, चल रही योजनाओं तथा आगामी वित्तीय वर्ष के लिए प्रस्तावित नई योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों से जुड़े सुझाव और आवश्यकताओं को प्रस्तुत किया।
बैठक को आगामी बजट की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे राज्य में स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़े क्षेत्रों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।



