मांड नदी किनारे फांसी पर लटका मिला युवक का शव, इलाके में हड़कंप!

रायगढ़।
रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम बड़े डुमरपाली और रॉबर्टसन के बीच मांड नदी के किनारे एक अज्ञात युवक का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला है। घटना स्थल मांड नदी किनारे स्थित टावर के पास बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने जब शव को पेड़ पर लटका देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुँची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आसपास के थानों में गुमशुदगी की जानकारी भी खंगाली जा रही है।
घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल बना हुआ है। पुलिस द्वारा शीघ्र ही मामले के खुलासे की बात कही जा रही है।



