होली ब्रेकिंग न्यूज:-खरसिया में ‘फोटोबाज’ नेताओं से नाराज मंत्री, सामान्य कार्यकर्ता को मिलेगा मौका!
रायगढ़:-खरसिया विधानसभा क्षेत्र में होली के रंगों के बीच सियासी रंग भी गहराने लगे हैं। भारतीय जनता पार्टी के भीतर चल रही हलचल ने चुनावी माहौल को गर्म कर दिया है। सूत्रों के अनुसार क्षेत्र के कुछ “फोटोबाज” नेताओं और पदाधिकारियों से मंत्री नाराज बताए जा रहे हैं। इसी नाराजगी के चलते मंत्री ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में इस बार किसी बड़े चेहरे या पदाधिकारी को नहीं, बल्कि एक सामान्य और जमीनी स्तर पर सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता को विधायक प्रत्याशी बनाया जाएगा।
मंत्री के इस बयान के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। वर्षों से संगठन के लिए मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर जमीनी कार्यकर्ता को टिकट मिलता है तो संगठन और मजबूत होगा। होली के अवसर पर क्षेत्र में यह चर्चा गुलाल की तरह फैल गई है कि “अबकी बार कार्यकर्ता सरकार” का नारा सच हो सकता है।
राजनीतिक चर्चाओं में स्व-सहायता समूहों, विशेषकर बिहान से जुड़ी दीदियों की भूमिका भी अहम मानी जा रही है। माना जा रहा है कि महिलाओं का संगठित समर्थन चुनावी परिणामों को प्रभावित कर सकता है। पार्टी के स्थानीय नेताओं का दावा है कि यदि जमीनी कार्यकर्ता को अवसर दिया गया तो महिला समूहों और युवाओं का व्यापक सहयोग मिलेगा।
इधर, सियासी गलियारों में यह भी चर्चा है कि विपक्ष के कुछ प्रमुख कार्यकर्ता भी भाजपा के संपर्क में हैं। यदि यह समीकरण बदला तो मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है।
होली की ठिठोली के बीच खरसिया की राजनीति नए रंग में रंगी !( होली समाचार)



