मुआवजे के लिए किसानों की आवाज बुलंद: विधायक रामकुमार यादव के नेतृत्व में राजस्व मंत्री से मुलाकात !


रायपुर/चंद्रपुर। चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों के किसान अब तक मुआवजे से वंचित हैं। एडीबी परियोजना के अंतर्गत सक्ती से टुंड्री मार्ग तक सड़क निर्माण के लिए जिन किसानों की भूमि अधिग्रहित की गई, उन्हें अब तक उचित मुआवजा नहीं मिल पाया है। इस गंभीर मामले को लेकर चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव के नेतृत्व में प्रभावित किसानों का प्रतिनिधिमंडल राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा से मिला।
प्रतिनिधिमंडल में टुंड्री, कंवली, सराईपाली, ओडेकेरा, सिंघीतराई, बेनिपाली, कठर्रापाली, कुधरी और कुलबा सहित आसपास के गांवों के किसान शामिल थे। किसानों ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए उनकी जमीन ली गई, लेकिन अब तक उन्हें मुआवजे की राशि प्राप्त नहीं हुई है, जिससे वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
विधायक रामकुमार यादव ने किसानों की समस्याओं को मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखते हुए कहा कि क्षेत्र के किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन किसानों ने विकास कार्य के लिए अपनी भूमि दी है, उन्हें समय पर और न्यायपूर्ण मुआवजा मिलना चाहिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए डभरा के एसडीएम को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण में अधिग्रहित भूमि की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।



