ब्रेकिंग न्यूज़

मोदी की अपील का असर: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने छोड़ी VIP संस्कृति, सीमित करेंगे प्रोटोकॉल !

रायगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील का असर अब राज्यों में भी दिखाई देने लगा है। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बड़ा निर्णय लेते हुए मंत्री पद के साथ मिलने वाली वीआईपी सुविधाओं और प्रोटोकॉल के उपयोग को सीमित करने की घोषणा की है।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए कहा कि सामान्य परिस्थितियों में वे न तो पायलट गाड़ी का उपयोग करेंगे और न ही फॉलो वाहन लेंगे। उन्होंने बताया कि यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “आर्थिक आत्मरक्षा” और संसाधनों की बचत की अपील से प्रेरित है।
उन्होंने कहा कि जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक केवल अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही सरकारी प्रोटोकॉल और सुरक्षा वाहनों का उपयोग किया जाएगा। उनका मानना है कि सरकारी संसाधनों का संयमित उपयोग समय की मांग है और इससे प्रशासनिक व्यवस्था में सरलता एवं पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
ओ.पी. चौधरी के इस फैसले को प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में एक सकारात्मक उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस पहल के बाद राज्य के अन्य मंत्री, निगम-मंडलों के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारी भी वीआईपी प्रोटोकॉल को लेकर सादगीपूर्ण रवैया अपना सकते हैं। साथ ही आने वाले समय में सरकार द्वारा वीआईपी सुविधाओं के उपयोग को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए जाने की भी संभावना जताई जा रही है।
सरकारी खर्चों में कटौती और सादगीपूर्ण शासन की दिशा में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी का यह कदम फिलहाल पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button