ब्रेकिंग न्यूज़

मुख्यमंत्री के आत्मीय संकेत से बढ़ी चर्चाएं : खरसिया में उभरते नेतृत्व के रूप में सनत नायक की बढ़ती सक्रियता!

रायगढ़:- तारापुर मण्डल के ग्राम कुसुमुरा में आयोजित मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की धन्यवाद सभा और लगभग 102 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं ने जन्म ले लिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता एवं जिला भाजपा संगठन के कोषाध्यक्ष सनत नायक के घर पहुंचकर भोजन करना और आत्मीय मुलाकात करना अब खरसिया विधानसभा की राजनीति में विशेष संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
सभा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंच से स्वयं सनत नायक का नाम लेते हुए छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के साथ भोजन करने का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार के बाद गांव, गली और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या आने वाले समय में खरसिया विधानसभा में भाजपा किसी नए नेतृत्व को आगे बढ़ाने की तैयारी में है।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो तारापुर मण्डल से भाजपा संगठन द्वारा तीन-तीन सक्रिय पदाधिकारियों को अन्य मंडलों में प्रभारी बनाना भी संगठन के बढ़ते भरोसे का संकेत माना जा रहा है। वहीं दूसरी ओर सनत नायक लगातार क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर विपक्षी विधायक को घेरने में सक्रिय दिखाई देते हैं। वे केवल औपचारिक राजनीति तक सीमित नहीं रहकर जमीनी स्तर पर भाजपा के दमदार कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं।
खासतौर पर महिलाओं और युवाओं के बीच सनत नायक की सकारात्मक छवि तेजी से उभर रही है। क्षेत्र में जनसंपर्क, सामाजिक सक्रियता और विकास के मुद्दों पर उनकी निरंतर उपस्थिति ने उन्हें भाजपा के संभावित उभरते चेहरे के रूप में चर्चा में ला दिया है।
हालांकि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में अभी लगभग ढाई वर्ष का समय शेष है, लेकिन खरसिया विधानसभा में भाजपा नेतृत्व को लेकर राजनीतिक ऊंट किस करवट बैठेगा, यह आने वाले समय में ही स्पष्ट होगा। फिलहाल मुख्यमंत्री के कुसुमुरा प्रवास ने सनत नायक को लेकर क्षेत्रीय राजनीति में नई अटकलों और चर्चाओं को जरूर हवा दे दी है।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button