LIVE TVदेशब्रेकिंग न्यूज़राज्यविश्व

खरसिया को मिली 31 करोड़ रुपये से अधिक की विकास सौगात, सांसद राधेश्याम राठिया ने किया भूमिपूजन व लोकार्पण !


रायगढ़। खरसिया विधानसभा क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों के लिए जल संसाधन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 31 करोड़ रुपये से अधिक लागत के महत्वपूर्ण सिंचाई विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद राधेश्याम राठिया रहे, जिन्होंने क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को सशक्त बनाने वाली परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविंद्र गवेल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रविन्द्र प्रकाश गवेल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सत बाई छोटे लाल पटेल,  जल संसाधन विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे।


सांसद राठिया ने मांड व्यपवर्तन योजना के तहत नहरों के आधुनिकीकरण, उन्नयन, जीर्णोद्धार एवं लाइनिंग कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल लागत ₹3064.42 लाख (लगभग ₹30.64 करोड़) है। इसके साथ ही मांड नदी के चपले एनिकट पर निर्मित हाइड्रो पंपिंग आधारित सिंचाई परियोजना का लोकार्पण भी किया गया, जिसकी लागत ₹119.91 लाख (लगभग ₹1.19 करोड़) है।


अपने संबोधन में सांसद राठिया ने कहा कि सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण विकास तथा किसानों की समृद्धि को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास कार्यों को गति दे रही हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से खरसिया क्षेत्र के हजारों किसानों को लाभ मिलेगा, खेती की लागत में कमी आएगी और कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों और किसानों ने क्षेत्र को मिली इस बड़ी सौगात के लिए जनप्रतिनिधियों और शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में विकास और किसान हितैषी योजनाओं को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला। विशेषज्ञों का मानना है कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से खरसिया क्षेत्र की कृषि व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति प्राप्त होगी।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button