जिला पंचायत सदस्य सतबाई छोटेलाल पटेल की अनदेखी पर उठे सवाल, नवीन तहसील भवन खरसिया लोकार्पण के आमंत्रण पत्र में नाम नहीं होने से नाराजगी l

रायगढ़/खरसिया। खरसिया विधानसभा क्षेत्र में नवीन तहसील भवन खरसिया का लोकार्पण आज प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के करकमलों से जनहित में किया जाना है। इस अवसर के लिए जिला प्रशासन द्वारा मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं विशेष अतिथियों का आमंत्रण पत्र जारी किया गया है। लेकिन जारी आमंत्रण पत्र में खरसिया-3, क्षेत्र क्रमांक-9 की जिला पंचायत सदस्य सतबाई छोटेलाल पटेल का नाम शामिल नहीं होने से क्षेत्र में चर्चा और नाराजगी का माहौल देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार सतबाई छोटेलाल पटेल एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि हैं तथा भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता एवं भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तहसील क्षेत्र के अन्य संवैधानिक पदों पर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के नाम आमंत्रण पत्र में प्रकाशित किए गए हैं, लेकिन जिला पंचायत सदस्य सतबाई छोटेलाल पटेल का नाम नहीं होना कई सवाल खड़े करता है।
क्षेत्र के नागरिकों का मानना है कि सतबाई छोटेलाल पटेल लगातार जनहित और क्षेत्रीय विकास के मुद्दों को उठाती रही हैं। ऐसे में एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि की उपेक्षा होना उचित नहीं माना जा सकता। लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि आखिर किस कारण से उनका नाम आमंत्रण पत्र में शामिल नहीं किया गया।
खरसिया क्षेत्र में हरदिहा मरार समाज की भी उल्लेखनीय जनसंख्या निवास करती है। समाज के लोगों का कहना है कि यह समाज हमेशा जनहित, सामाजिक कार्यों और विकास के मुद्दों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। ऐसे में समाज का प्रतिनिधित्व करने वाली निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य की अनदेखी से समाज के लोगों में भी असंतोष देखा जा रहा है।
अब क्षेत्र में यह मांग उठ रही है कि जिला प्रशासन इस मामले पर स्पष्टता प्रदान करे और बताए कि आमंत्रण पत्र में जिला पंचायत सदस्य सतबाई छोटेलाल पटेल का नाम शामिल न होने का कारण क्या है।



