LIVE TVब्रेकिंग न्यूज़

कांग्रेस भवन में “वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान को लेकर समीक्षा बैठक संपन्न, ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रमों के लिए जारी हुए दिशा-निर्देश*

 

*जिला अध्यक्ष नगेंद्र नेगी का मनाया गया जन्मदिन, 10 से 20 अक्टूबर तक जिलेभर में मार्च एवं जनसंपर्क अभियान चलाने की तैयारी*

रायगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ग्रामीण की ओर से 11 अक्टूबर 2026 को कांग्रेस भवन रायगढ़ में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रव्यापी “वोट बचाओ–देश बचाओ” चरणबद्ध आंदोलन अभियान के तहत जिले के समस्त ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों में 10 से 20 अक्टूबर तक ब्लॉक स्तरीय मार्च एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित करने की रणनीति पर चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ग्रामीण के अध्यक्ष श्री नगेंद्र नेगी का जन्मदिन भी कांग्रेस भवन में कांग्रेसजनों की उपस्थिति में मनाया गया।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित किए जाने वाले इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला कांग्रेस कमेटी ने समस्त ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके अंतर्गत प्रत्येक ब्लॉक में स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार महात्मा गांधी अथवा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से मार्च प्रारंभ कर स्थानीय एसडीएम कार्यालय अथवा प्रशासनिक मुख्यालय तक जनपदयात्रा, साइकिल रैली, बाइक रैली या विरोध मार्च आयोजित करने की योजना बनाई गई है।

निर्देशों के अनुसार मार्च के समापन स्थल पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का सामूहिक पाठ किया जाएगा। इसके पश्चात राष्ट्रगान के साथ मताधिकार, लोकतंत्र एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा कथित “वोट चोरी” के आरोपों के विरोध में जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत 10 से 18 अक्टूबर के बीच दशहरा सहित अन्य सार्वजनिक आयोजनों के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल तथा विभिन्न प्रकोष्ठों एवं विभागों के स्वयंसेवकों द्वारा आम नागरिकों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जानकारीपूर्ण पर्चे वितरित कर मताधिकार के महत्व, लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की आवश्यकता से संबंधित विषयों पर लोगों को जागरूक किया जाएगा।

जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में कार्यक्रम की तिथि, समय एवं स्थान निर्धारित कर जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ग्रामीण को पूर्व सूचना दें। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद तस्वीरों, प्रमुख पदाधिकारियों की उपस्थिति एवं संक्षिप्त प्रतिवेदन के साथ विस्तृत जानकारी भी जिला कांग्रेस कमेटी को उपलब्ध कराएं। निर्धारित कार्यक्रमों में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री नगेंद्र नेगी सहित जिला स्तर के अन्य पदाधिकारी भी शामिल होंगे।

बैठक में अभियान को जिले के प्रत्येक ब्लॉक तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा वरिष्ठ कांग्रेसजनों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों और सभी संबद्ध संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से राष्ट्रव्यापी “वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की है।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button