LIVE TVअपराधब्रेकिंग न्यूज़राज्य

सेवा की कहानी: मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना से बेटी की पढ़ाई का सपना हो रहा साकार*

 

*श्रमिक माधुरी महंत को मिली 20 हजार रुपये की सहायता, बेटी की शिक्षा और बेहतर भविष्य की राह हुई आसान*

रायगढ़, 11 अक्टूबर 2026/ रायगढ़ जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना से ग्राम संगीतराई की श्रमिक माधुरी महंत को बेटी की पढ़ाई के लिए 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली है। सीमित आय के कारण बेटी की शिक्षा का खर्च उठाने में होने वाली परेशानी अब कम हुई है और वे बेटी का भविष्य संवारने को लेकर अधिक आश्वस्त हैं।


माधुरी महंत ने बताया कि वे श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिक हैं और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। परिवार की जिम्मेदारियों के साथ बेटी की पढ़ाई का खर्च उठाना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था। इसी दौरान उन्हें श्रम विभाग की मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना की जानकारी मिली। उन्होंने योजना के तहत आवेदन किया और पात्रता के अनुसार उन्हें 20 हजार रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। इस राशि से बेटी की पढ़ाई को आगे बढ़ाने में मदद मिली है।
माधुरी महंत ने कहा कि योजना से मिली आर्थिक सहायता ने बेटी की शिक्षा के लिए सहारा दिया है। अब वे अपनी बेटी को आगे पढ़ाने और उसका भविष्य बेहतर बनाने के लिए पहले से अधिक आश्वस्त हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की ऐसी योजनाएं श्रमिक परिवारों की बेटियों की शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए मददगार साबित हो रही हैं।

*श्रमिक परिवारों की बेटियों को मिलता है आर्थिक संबल*

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना का संचालन श्रम विभाग एवं छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा किया जाता है। योजना के तहत निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की पहली दो अविवाहित बेटियों को शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास अथवा विवाह के लिए 20 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता प्रदान की जाती है। इसके लिए श्रमिक का कम से कम तीन वर्ष पूर्व पंजीकृत होना, बेटी की आयु 18 से 21 वर्ष के बीच होना और उसका कम से कम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। योजना के लिए श्रमिक पंजीयन कार्ड, पुत्री का आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति, जन्म प्रमाण पत्र, 10वीं की अंकसूची, नियोजन प्रमाण पत्र एवं स्वघोषणा प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन किया जा सकता है।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button