LIVE TVब्रेकिंग न्यूज़

सक्ती जिला अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल 1 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार!

सक्ती। भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर को बड़ी सफलता मिली है। एसीबी की टीम ने सक्ती जिला अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल में पदस्थ एक अधीनस्थ फार्मासिस्ट गंगा प्रसाद रत्नाकर ने एसीबी बिलासपुर से शिकायत की थी कि प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल द्वारा फरवरी 2026 से जून 2026 तक के पांच माह के वेतन एवं पे-डेटा को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय भेजने के एवज में प्रति माह 20 हजार रुपये के हिसाब से कुल 1 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर अधिकारियों ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता द्वारा डभरा कॉलेज मोड़ के पास अपनी कार में आरोपी डॉक्टर को रिश्वत की राशि दी गई। जैसे ही डॉ. संतोष कुमार पटेल ने 1 लाख रुपये की रकम स्वीकार की, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान एसीबी अधिकारियों ने रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई।
एसीबी की इस कार्रवाई को जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच भी इस घटना के बाद चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button