वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने कोड़ातराई में पीएम श्री स्कूल भवन निर्माण कार्य का किया भूमिपूजन*


*1.21 करोड़ की लागत से बनेगा स्कूल भवन, आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा पीएम श्री स्कूल*
रायगढ़, 5 सितम्बर 2026/ शिक्षक दिवस के अवसर पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी.चौधरी ने पुसौर विकासखंड के कोड़ातराई में पीएम श्री स्कूल भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। करीब 1.21 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले स्कूल भवन से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविंद्र गवेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष पुसौर श्रीमती हेमलता चौहान, सदस्य जिला पंचायत श्रीमती भाग्यवती डोलनारायण नायक, सदस्य जनपद पंचायत गोपी चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। शिक्षक बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देने तक सीमित न रहें, बल्कि उनमें नई सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करें। उन्होंने कहा कि बदलते तकनीकी दौर में विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के भीतर इनोवेशन और स्टार्टअप की सोच विकसित करना जरूरी है। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज में ज्ञान और जागरूकता के विस्तार की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षक की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे बच्चों में सवाल पूछने, सीखने और कुछ नया करने की प्रवृत्ति को बढ़ावा दें।


*सकरबोगा में ग्रामीणों की सुनी समस्याएं*
वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी आज सबेरे सकरबोगा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं और स्थानीय जरूरतें सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर क्षेत्र की प्राथमिक जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास की प्राथमिकताएं स्थानीय लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तय की जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, सड़क और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।



