
गहना झरिया के 333 पीएम आवास हितग्राहियों ने किया पौधरोपण
“एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान के तहत आम, जामून और कटहल के पौधे लगाए गए
रायगढ़, 20 जून 2025। प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत पूर्ण हुए 333 आवासों के हितग्राहियों ने लैलूंगा जनपद के अंतर्गत ग्राम पंचायत गहना झरिया में अपने आवास परिसरों में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया।
“एक पेड़ मां के नाम अभियान 2.0” के तहत प्रत्येक हितग्राही को आम, जामून एवं कटहल के दो-दो पौधे नि:शुल्क वितरित किए गए। पौधों को लाभार्थियों द्वारा अपने घरों के आसपास रोपित किया गया। इस अवसर पर सभी ने पर्यावरण की रक्षा और गांव को हराभरा बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
अभियान को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला। हितग्राहियों ने न केवल स्वयं पौधे लगाए, बल्कि अन्य ग्रामीणों को भी इस अभियान से जुड़ने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के लिए प्रेरित किया।
जनपद पंचायत लैलूंगा के सीईओ श्री सनत नायक ने जानकारी दी कि आगे ग्राम तोलमा की शासकीय पड़त भूमि पर वन विभाग और उद्यानिकी विभाग के सहयोग से वृहद वृक्षारोपण की योजना बनाई गई है। इसमें स्थानीय सरपंच और ग्रामीणों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर सीईओ जनपद, मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी, उप अभियंता, तकनीकी सहायक और जनपद का स्टाफ भी उपस्थित रहे, l



