गोरपार से खड़गांव-रामपुर सड़क का होगा डामरीकरण, श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल के प्रयास लाए रंग वित्त मंत्री की अनुशंसा से मिली स्वीकृति, वर्षों पुरानी मांग अब होगी पूरी


रायगढ़ 23 जून 2025 खरसिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोरपार, खड़गांव और रामपुर को जोड़ने वाली वर्षों से जर्जर सड़क के डामरीकरण का रास्ता अब साफ हो गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल के अथक प्रयासों और वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी की अनुशंसा से इस सड़क के निर्माण कार्य को स्वीकृति मिल गई है।
इस संबंध में गोरपार एवं खड़गांव के ग्रामीणों ने बार-बार मांग की थी कि रामपुर तक की कच्ची व खराब सड़क का निर्माण कराया जाए। शिकायत मिलने पर श्रीमती गबेल ने स्वयं इस विषय को संज्ञान में लिया और वित्त मंत्री से चर्चा कर लगभग 3 किलोमीटर लंबी अधूरी सड़क के डामरीकरण की स्वीकृति दिलवाई।
अब इस मार्ग से बरगढ़ खोला होते हुए कोरबा तक आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित होगा। ग्रामीणों को बारिश के मौसम में जिन परेशानियों का सामना करना पड़ता था, उनसे अब राहत मिलेगी।
ग्रामीणों ने जताया आभार
सड़क की स्वीकृति की सूचना मिलते ही क्षेत्र के ग्रामीणों में हर्ष की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार जताया और कहा कि यह सड़क लंबे समय से उपेक्षित थी, जिसका निर्माण अब गांव के विकास में नई ऊर्जा भर देगा।



