खरसिया रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का काम अधर में जनता परेशान, राजनीतिक दल श्रेय लेने में व्यस्त

खरसिया।
खरसिया रेलवे क्रॉसिंग पर वर्षों से प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य आज भी अधर में लटका हुआ है। वर्ष 2021-22 में स्वीकृत हुई इस योजना का काम अब तक शुरू नहीं हो पाया है। क्षेत्र की जनता रोज़ाना घंटों तक रेलवे फाटक खुलने का इंतजार करने को मजबूर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे फाटक बंद होने से कई बार गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने में देरी हो जाती है, जिससे परिजनों की सांसें अटक जाती हैं। यही नहीं, राजस्व न्यायालयीन कार्य, बैंकिंग लेन-देन, शासकीय दफ्तरों के काम और रोज़मर्रा की ज़रूरी खरीददारी तक बाधित हो रही है। राहगीरों के अनुसार तपती धूप, बरसात और सर्दी में घंटों खड़े रहना “काला पानी की सजा” से कम नहीं है।
जनता का आरोप है कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल इस परियोजना को पूरा कराने की बजाय राजनीतिक श्रेय लेने की नूराकुश्ती में व्यस्त हैं। परिणामस्वरूप, ओवरब्रिज का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है और जनता की परेशानी जस की तस बनी हुई है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्थानीय नागरिकों ने सरकार से मांग की है कि इस अधूरी परियोजना को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को इस लंबे इंतजार और कठिनाई से निजात मिल सके।



