खरसिया क्षेत्र के तुरेकेला T.S.S. उपार्जन केंद्र में धान खरीदी का शुभारंभ, बतौर मुख्यअतिथि रविन्द्र प्रकाश ग़बेल पहुँचे!


खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तुरेकेला स्थित T.S.S. उपार्जन केंद्र में आज दिनांक 18 नवंबर 2025 को धान खरीदी कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर रायगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि श्री रविन्द्र प्रकाश गबेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. हितेश गबेल उपाध्यक्ष जनपद पंचायत खरसिया, तथा प्राधिकृत अधिकारी बड़ेलाल सिदार के साथ क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि और किसान बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए।
धन-धान्य के इस मौसम की शुरुआत उपार्जन केंद्र में परंपरागत पूजा-अर्चना के साथ की गई। मुख्य अतिथि रविन्द्र गबेल ने पूजा कर धान खरीदी प्रक्रिया का शुभारंभ किया और किसानों से सीधे संवाद भी किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार किसानों के हित में 31 सौ रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है, जो कि किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक और सराहनीय कदम है।

रविन्द्र गबेल ने कहा कि सरकार की स्पष्ट नीति किसान हित पर केंद्रित है, जिससे खेत से मंडी तक किसानों का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने यह भी बताया कि समय पर भुगतान, पारदर्शी तौल व्यवस्था और सुविधाओं से युक्त उपार्जन केंद्र किसानों के लिए बड़ी राहत साबित होंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया और धान खरीदी के बेहतर प्रबंधन की उम्मीद जताई। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भी कहा कि कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए इस प्रकार की नीतियाँ अत्यंत आवश्यक हैं।
तुरेकेला उपार्जन केंद्र में धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है, और किसानों में अच्छे दाम मिलने की उम्मीद साफ नजर आ रही है।



