ब्रेकिंग न्यूज़

सांसद खेल महोत्सव विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता इंद्रप्रस्थ स्टेडियम पुसौर में संपन्न हुआ! मुख्यअतिथि के रूप में पहुँचीं जनपद अध्यक्ष हेमलता हरिशंकर चौहान!

रायगढ़ :- छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में खेल को बढ़ावा देने हेतु आयोजित सांसद खेल महोत्सव के तहत नगर पंचायत पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में 17 से 18 नवंबर तक विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जनपद पंचायत पुसौर की अध्यक्ष श्रीमती हेमलता हरिशंकर चौहान शामिल हुईं। उन्होंने सरस्वती माता, भारत माता तथा छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प अर्पित किया तथा रिबन काटकर महोत्सव का शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि श्रीमती चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन में खेल का विशेष महत्व है। खेल न केवल शारीरिक व मानसिक विकास को बढ़ाता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सामाजिक एकता को भी मजबूत करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और निरंतर अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।


महोत्सव में 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग तक के छात्र-छात्राओं और युवाओं का ऑनलाइन पंजीयन कर प्रतियोगिताओं में शामिल किया गया। संकुल स्तर पर चयनित खिलाड़ी विकासखंड स्तर पर अपना प्रदर्शन देने पहुँचे। प्रतियोगिताओं में 100 मीटर दौड़, 800 मीटर दौड़, लंबी कूद, फुगड़ी, बैडमिंटन, कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी और बॉलीबॉल जैसे विभिन्न व्यक्तिगत एवं टीम खेल शामिल रहे।


सभी खिलाड़ियों ने खेलभावना के साथ अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन दिया। विजेता प्रतिभागियों को प्रत्यक्ष अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विशेष ट्रॉफी देकर उत्साहित किया गया।
यह पूरा आयोजन जनपद पंचायत पुसौर के सीईओ विवेक गोस्वामी के नेतृत्व तथा जनपद अधिकारियों, कर्मचारियों व ग्राम पंचायत सचिवों के सहयोग से शासन के निर्देशानुसार सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष मानी सतपथी, जनपद पंचायत पुसौर के सभापति, बीडीसी सदस्य, पार्षदगण, आरईएस एसडीओ बिंदु डनसेना सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button