युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रताप चंद्रा का डभरा में भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और फटाकों से किया अभिनंदन!


डभरा। युवा कांग्रेस के नव-नियुक्त जिलाध्यक्ष प्रताप चंद्रा के प्रथम नगर पंचायत डभरा आगमन पर कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। नगर प्रवेश करते ही युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पाहार पहनाए, रंग-गुलाल लगाकर सम्मानित किया और फटाकों से पूरे क्षेत्र का माहौल उत्साहपूर्ण बना दिया।

प्रताप चंद्रा ने सबसे पहले नगर के मुख्य चौक स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और अपने नए दायित्व के लिए बाबा साहब का आशीर्वाद लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
जिलाध्यक्ष बनने के बाद अपने प्रथम संबोधन में प्रताप चंद्रा ने कहा कि युवा कांग्रेस द्वारा उन्हें सौंपी गई यह बड़ी जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ गंभीर दायित्व भी है। उन्होंने कहा—
“यह पद मुझे युवा साथियों की मेहनत, विश्वास और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा के कारण मिला है। मैं सभी युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर इस दायित्व का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करूंगा।”

उन्होंने आगे कहा कि युवा वर्ग आज समाज और राजनीति की सबसे महत्वपूर्ण ताकत है। वे आम जनता की आवाज को बुलंद करने, उनके हक और अधिकार की लड़ाई लड़ने तथा समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा संघर्षरत रहेंगे।
कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने प्रताप चंद्रा के नेतृत्व में युवा कांग्रेस को मजबूत करने का संकल्प दोहराया। उनके आगमन से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

डभरा में प्रताप चंद्रा के स्वागत समारोह को हाल के वर्षों में युवा कांग्रेस का सबसे ऊर्जावान कार्यक्रम माना जा रहा है।



