ब्रेकिंग न्यूज़

जादू की कला को सरकारी संरक्षण की आवश्यकता : जादूगर आर.के. हीरालाल

रायगढ़। प्रसिद्ध जादूगर आर.के. हीरालाल ने कहा कि मायाजाल यानी जादूगरी भी एक महत्वपूर्ण कला है, लेकिन सरकारी सहयोग के अभाव में यह कला धीरे-धीरे विलुप्ति की ओर बढ़ती जा रही है। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस कला को संरक्षण दे, तो जादू की दुनिया को नई ऊर्जा और नई दिशा मिल सकती है।


जादूगर आर.के. हीरालाल 30 नवंबर से 21 दिसंबर तक रायगढ़ के गोपी टॉकीज में अपना विशेष जादू शो प्रस्तुत करेंगे। इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि वे मूल रूप से ओड़िशा के निवासी हैं और पिछले 30 वर्षों से जादू की दुनिया से जुड़े हुए हैं। उन्होंने ओड़िशा में रेडक्रॉस के लिए चैरिटी शो कर 90 लाख रुपये का दान भी दिया है, जो समाजसेवा की दिशा में उनकी महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने बताया कि अब वे ओड़िशा के बाहर भी जादू शो कर रहे हैं और पहली बार रायगढ़ पहुंचे हैं। पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी संरक्षण न मिलने तथा टीवी और मोबाइल जैसे आधुनिक साधनों के बढ़ते प्रभाव के कारण जादू की कला को नुकसान पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि उनका दो घंटे का जादू शो बच्चों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। इससे बच्चे न केवल मोबाइल से दूर रहेंगे, बल्कि मानसिक रूप से उत्साहित और तरोताजा भी होंगे। उन्होंने रायगढ़वासियों से आग्रह किया कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर इस कला को प्रोत्साहित करें और इसे जीवंत बनाए रखने में अपना योगदान दें।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button