तकनीक सहायक को शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने वाला सहायक पोस्ट मास्टर गिरफ्तार!

जशपुर/तुमला, 06 दिसम्बर 2025।
थाना तुमला क्षेत्रांतर्गत एक 35 वर्षीय युवती की शिकायत पर पुलिस ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के आरोपी सहायक पोस्ट मास्टर सौरभ कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्रार्थिया द्वारा दर्ज रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024 में आरोपी सौरभ कुमार से उसकी जान-पहचान हुई थी। प्रार्थिया सब इंजीनियर है और उस दौरान छत्तीसगढ़ के एक जिले में जनपद पंचायत में तकनीकी सहायक के पद पर कार्यरत थी।
दिनांक 14.01.2025 को जब वह छुट्टी पर अपने गृह ग्राम (तुमला क्षेत्र) आई हुई थी, उसी दौरान आरोपी सौरभ ने उसे अपने किराए के घर ले जाकर शादी का झांसा देते हुए अनाचार किया। इसके बाद जून 2025 तक जब भी प्रार्थिया छुट्टी पर आती थी, आरोपी सौरभ कुमार शादी का भरोसा दिलाते हुए उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
प्रार्थिया के विवाह के आग्रह पर आरोपी ने उससे तकनीकी सहायक की नौकरी छोड़ने को कहा। पीड़िता ने नौकरी छोड़ी, जिसके बाद आरोपी ने कुछ दिन उसे अपने साथ रखा, लेकिन बाद में शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके अलावा आरोपी द्वारा गाली-गलौच करने की भी शिकायत की गई है।
महिला संबंधी अपराध की गंभीरता को देखते हुए थाना तुमला पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 64(2)(M) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 27 वर्षीय आरोपी सहायक पोस्ट मास्टर सौरभ कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।



