चरौदा धान खरीदी केंद्र में निगरानी हेतु संतोष सोनसरे विधायक प्रतिनिधि नियुक्त!

सक्ति :- चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, सुचारु एवं किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से विधायक रामकुमार यादव द्वारा सभी उपार्जन केंद्रों में निगरानी के लिए विधायक प्रतिनिधियों की नियुक्ति की गई है। इसी कड़ी में मालखरौदा विकासखंड के अंतर्गत संचालित 26 उपार्जन केंद्रों के लिए प्रतिनिधियों की घोषणा की गई है।
इस क्रम में ग्राम चरौदा धान खरीदी केंद्र में सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता एवं विधायक के विश्वस्त सहयोगी संतोष सोनसरे को विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से क्षेत्र के किसानों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल देखा जा रहा है। किसानों का मानना है कि संतोष सोनसरे जैसे जमीनी और सक्रिय व्यक्ति की निगरानी से धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
ज्ञात हो कि धान खरीदी के दौरान तौल, भुगतान, बारदाना, परिवहन सहित कई समस्याएं सामने आती हैं। ऐसे में विधायक प्रतिनिधि की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। संतोष सोनसरे को यह जिम्मेदारी दिए जाने से किसानों को समय पर न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।
नियुक्ति के पश्चात संतोष सोनसरे ने विधायक रामकुमार यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विधायक जी ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरेंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं किसानों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
संतोष सोनसरे ने कहा कि वे शासन एवं विभाग द्वारा जारी सभी निर्देशों का पालन कराते हुए किसान हित में कार्य करेंगे। धान खरीदी केंद्र पर किसी भी प्रकार की अनियमितता, शोषण या परेशानी होने पर तत्काल समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। उनका मुख्य उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य समय पर दिलाना तथा धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराना रहेगा।
कुल मिलाकर, इस नियुक्ति से क्षेत्र में धान खरीदी व्यवस्था और अधिक मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।



