ब्रेकिंग न्यूज़

जिंदल कोल माइंस जनसुनवाई मामला: लिबरा के ग्रामीणों का विरोध तेज, सोशल मीडिया पर आरोप वायरल!

रायगढ़ :- जिंदल कोल माइंस की प्रस्तावित परियोजना को लेकर लिबरा गांव में विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। जनसुनवाई से जुड़े मामले को लेकर ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर वीडियो और पोस्ट वायरल करते हुए जिंदल कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी और प्रशासन उनकी वास्तविक समस्याओं को नजरअंदाज कर जबरन परियोजना को आगे बढ़ाना चाहते हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस प्रशासन और कुछ अधिकारी गांव-गांव जाकर लोगों को तरह-तरह के प्रलोभन देकर समर्थन लेने का प्रयास कर रहे हैं। आरोप है कि नौकरी, मुआवजा और अन्य सुविधाओं का लालच देकर ग्रामीणों को परियोजना के पक्ष में करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, इसके बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने जल, जंगल और जमीन को बचाने के लिए डटकर विरोध कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में ग्रामीण यह कहते नजर आ रहे हैं कि कोल माइंस खुलने से क्षेत्र का पर्यावरण बुरी तरह प्रभावित होगा। जल स्रोत सूखने, कृषि भूमि नष्ट होने और जंगल खत्म होने का खतरा बताया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खेती और वनोपज ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है, जिसे किसी भी कीमत पर छीनने नहीं दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जनसुनवाई के दौरान उनकी आपत्तियों को सही ढंग से दर्ज नहीं किया गया और कई लोगों को बोलने तक का मौका नहीं मिला। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यह जनसुनवाई केवल औपचारिकता बनकर रह गई है।
लिबरा सहित आसपास के गांवों के लोग एकजुट होकर जिंदल कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं। ग्रामीणों का साफ कहना है कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन अपने अस्तित्व, पर्यावरण और भविष्य की कीमत पर किसी भी परियोजना को स्वीकार नहीं करेंगे। मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है और आने वाले दिनों में विरोध और उग्र होने की संभावना जताई जा रही है।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button