ब्रेकिंग न्यूज़

तमनार मे जिंदल कोल माईस की जनसुनवाई निरस्त करने की मांग, श्याम गुप्ता ने खून से लिखा पीएम–सीएम को पत्र!


जल–जंगल–जमीन बचाने की पुकार: रायगढ़ में औद्योगिक प्रदूषण बना मानव व बेजुबान जीवों के लिए गंभीर खतरा

रायगढ़ (छत्तीसगढ़)। तमनार क्षेत्र में प्रस्तावित जनसुनवाई को जनता हित में निरस्त कराने की मांग को लेकर प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश संरक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्याम गुप्ता ने एक बार फिर संवेदनशील और अनोखा कदम उठाया है। उन्होंने अपने खून से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर आदिवासी बहुल तमनार क्षेत्र में हो रहे औद्योगिक विस्तार पर गहरी चिंता जताई है।

पत्र में श्याम गुप्ता ने उल्लेख किया कि तमनार सहित पूरा रायगढ़ जिला औद्योगिक प्रदूषण की चपेट में है। कोयला खदानों व उद्योगों के विस्तार, नियमों की अनदेखी और कथित फर्जी जनसुनवाइयों के कारण नदियां, जंगल और कृषि भूमि तेजी से नष्ट हो रही हैं। इससे आदिवासी समाज की आजीविका और अस्तित्व पर सीधा खतरा मंडरा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जनसुनवाई जनता की वास्तविक भागीदारी के बिना महज औपचारिकता बनकर रह गई है। प्रदूषण का स्तर खतरनाक सीमा तक पहुंचने से वायु, जल और भूमि प्रदूषण बढ़ा है, जिसके कारण सांस व त्वचा संबंधी रोगों सहित गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं फैल रही हैं। साथ ही वन्य जीव, मवेशी और पक्षी भी असमय मौत का शिकार हो रहे हैं।
श्याम गुप्ता ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत हस्तक्षेप की अपील करते हुए तमनार की जनसुनवाई को जनता हित में निरस्त कराने तथा जल–जंगल–जमीन की रक्षा के लिए ठोस और संवेदनशील निर्णय लेने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आज पर्यावरण की रक्षा नहीं की गई, तो आने वाली पीढ़ियों को इसका भारी खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

Editor Hemsagar shrivas

Related Articles

Back to top button