पर्ल स्कूल सरहर (बाराद्वार) में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन, बच्चों की प्रतिभा ने मोहा मन!


सक्ति :-
जिला सक्ति के अंतर्गत पर्ल स्कूल सरहर, बाराद्वार में छात्र–छात्राओं का वार्षिकोत्सव समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि श्रीमती आशा साव (जिला पंचायत सदस्य) ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वागत उद्बोधन के साथ हुई, जिसके पश्चात बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।


मुख्य अतिथि श्रीमती आशा साव ने छात्र–छात्राओं को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि ऐसे मंच बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का अवसर प्रदान करते हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और रचनात्मक सोच का विकास होता है, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार के आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


वार्षिकोत्सव के दौरान छात्र–छात्राओं ने नृत्य, गीत, नाट्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक और ऊर्जापूर्ण प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा। बच्चों की प्रस्तुतियों पर तालियों की गूंज से पूरा परिसर उत्सवमय हो उठा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सरहर के सरपंच श्री संतोष पांडे ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती भगवती भोलेनाथ राठौर (जनपद पंचायत सदस्य, बम्हनींडीह), श्री जन्नूलाल साहू (उपसरपंच), श्री छेदीदास महंत (महामंत्री, सारागांव) उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री एन.पी. साहू, श्री दुलीचंद साहू, समस्त पंचगण, ग्रामवासी एवं संपूर्ण शालेय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अंत में सभी छात्र–छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य हेतु ढेरों शुभकामनाएँ दी गईं तथा सफल आयोजन के लिए शाला समिति को हार्दिक बधाई दी गई।



