तारापुर मंडल के ग्राम धनागर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’!


रायगढ़ :- तारापुर मंडल के अंतर्गत ग्राम धनागर में यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 129वां एपिसोड सामूहिक रूप से सुना गया। यह कार्यक्रम ग्राम धनागर में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री नरेश पटेल के निवास पर आयोजित किया गया, जिसमें भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री नरेश पटेल, भाजपा जिला मंत्री श्रीमती गायत्री केशरवानी, मंडल अध्यक्ष श्री गौरी शंकर पटेल सहित तारापुर मंडल के समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। सभी ने प्रधानमंत्री मोदी के विचारों को एकाग्रता से सुना और उन्हें आत्मसात किया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2025 की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए देश की प्रगति, आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हुए कार्यों और जनभागीदारी से मिली सफलताओं को रेखांकित किया। साथ ही उन्होंने आने वाले वर्ष 2026 की चुनौतियों पर भी प्रकाश डाला और देशवासियों से एकजुट होकर इन चुनौतियों का सामना करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने युवाओं, किसानों, महिलाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए नवाचार, अनुशासन और राष्ट्रहित में कार्य करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के पश्चात उपस्थित भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के विचारों पर चर्चा की और उनके संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री नरेश पटेल ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम आम नागरिकों को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सशक्त माध्यम है, जो समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
इस अवसर पर पूरे ग्राम धनागर में उत्साह का माहौल देखने को मिला और भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प को दोहराया।



