सूपा मंडल में भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमित शर्मा का भव्य स्वागत, युवा संवाद में संगठन मजबूती पर दिया जोर!

LIVE TV देश ब्रेकिंग न्यूज़ राजनीति राज्य


रायगढ़:- सूपा मंडल में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुमित शर्मा का भाजपा युवा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य एवं उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। इस अवसर पर आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में सूपा मंडल के बड़ी संख्या में उपस्थित भाजपा युवा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुमित शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रहित की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना ही युवा मोर्चा का मुख्य लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विकसित राष्ट्र की परिकल्पना और जनहितैषी योजनाओं को समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आज देश एवं छत्तीसगढ़ सरकार की मंशा के अनुरूप युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न स्किल डेवलपमेंट योजनाएं लागू की जा रही हैं, जिनकी जानकारी युवाओं तक संवाद के माध्यम से पहुंचाना आवश्यक है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।

सुमित शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को तटस्थ भाव से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे। इससे संगठन मजबूत होगा और आम जनता के बीच सरकार के प्रति विश्वास और विश्वसनीयता और अधिक बढ़ेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला संगठन कोषाध्यक्ष सनत नायक ने कहा कि युवा मोर्चा की कमान सुमित शर्मा को मिलने से जिला युवा संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिली है। उनके नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को भाजपा युवा कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएंगे।
सूपा मंडल में आयोजित इस स्वागत एवं युवा संवाद कार्यक्रम में भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ महिला कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के अनेक ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साह और संगठनात्मक एकता से परिपूर्ण रहा।

Editor Hemsagar shrivas