जमगहन में आस्था और सद्भाव का संगम: विधायक रामकुमार यादव ने तीन दिवसीय रामनामी भव्य भजन मेला का किया शुभारंभ!


सक्ति। मालखारौदा विकासखंड के ग्राम जमगहन में 31 दिसंबर 2025 (बुधवार) से 02 जनवरी 2026 (शुक्रवार) तक आयोजित तीन दिवसीय भव्य रामनामी बड़े भजन मेला का शुभारंभ चंद्रपुर विधायक श्री रामकुमार यादव के करकमलों से हुआ। इस अवसर पर विधायक यादव बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे और उन्होंने पारंपरिक विधि-विधान से मेले की शुरुआत की।

शुभारंभ अवसर पर विधायक रामकुमार यादव ने सर्वप्रथम भजन मेला के जैतखाम में पूजा-अर्चना कर सफेद रंग का ध्वज चढ़ाया तथा छत्तीसगढ़वासियों के जीवन में शांति, सद्भाव और सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि रामनामी भजन मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त प्रतीक है। समाज को समानता और समरूपता के भाव के साथ जीवन यापन करने की प्रेरणा ऐसे आयोजनों से मिलती है।

विधायक यादव ने अपने संबोधन में कहा कि रामनामी समुदाय की आस्था, भक्ति और अनुशासन छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान है। यह भजन मेला शांति और सद्भाव का संदेश देता है तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे इस भक्तिमय वातावरण में सहभागी बनें और रामनामी परंपरा की गरिमा को अनुभव करें।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सरोज डनसेना, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पूर्णिमा चंद्रप्रकाश खूंटे, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती तुलसी देवी साहू, ब्लॉक कांग्रेस जिलाध्यक्ष (युवा) श्री प्रताप चंद्रा सहित क्षेत्र के प्रमुख रामनामी प्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। तीन दिनों तक चलने वाले इस मेले में भजन, कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धा और एकता का संदेश प्रसारित किया जा रहा हैंl



