भ्रष्टाचार की दलदल में धंसा पुसौर नगर पंचायत: सब इंजीनियर दुर्गेश मालाकार सस्पेंड !

रायगढ़। पुसौर नगर पंचायत में व्याप्त भ्रष्टाचार आखिरकार सामने आ ही गया। गंभीर आरोपों के घेरे में आए सब इंजीनियर दुर्गेश मालाकार को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने निलंबित कर दिया है। प्रेसीडेंट इन काउंसिल की सख्त अनुशंसा के बाद यह कार्रवाई की गई, जिससे नगर पंचायत में लंबे समय से चल रही अनियमितताओं पर मुहर लग गई है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत पुसौर में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन की खुली लूट की जा रही थी। सरकार जहां कस्बों और शहरों के विकास के लिए करोड़ों रुपये जारी कर रही है, वहीं जिम्मेदार अधिकारी ठेकेदारों से सांठगांठ कर नियमों को ताक पर रख रहे हैं। दुर्गेश मालाकार ने रायगढ़ के ठेकेदार आरएस ट्रेडर्स को एक ही दिन 16 दिसंबर 2024 को सात अलग-अलग वर्क ऑर्डर थमा दिए। चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस तारीख को वर्क ऑर्डर जारी किए गए, उस समय ठेकेदार की फर्म का पंजीयन ही समाप्त हो चुका था।
इतना ही नहीं, सभी कार्य पीडब्ल्यूडी एसओआर रेट से अधिक दरों पर स्वीकृत किए गए। जबकि निविदा प्रक्रिया में कई अन्य पात्र ठेकेदार मौजूद थे, उन्हें दरकिनार कर अपात्र फर्म को फायदा पहुंचाया गया। इस पूरे मामले पर 12 नवंबर 2025 को प्रेसीडेंट इन काउंसिल की बैठक में दस्तावेजों की जांच हुई, जिसमें भ्रष्टाचार की परतें खुलती चली गईं। काउंसिल ने सर्वसम्मति से दुर्गेश मालाकार के निलंबन की अनुशंसा विभाग को भेजी थी।
विभागीय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जल आवर्धन पंप हाउस के पास शॉपिंग कॉम्पलेक्स निर्माण में बिना कार्य कराए भुगतान किया गया। दिव्यानंद महाणा के घर से आंगनबाड़ी तक सीसी रोड निर्माण में स्वीकृत मदों के विपरीत माप दर्ज कर भुगतान हुआ। गोतमा रोड मुक्तिधाम, छिंच रोड मुक्तिधाम अहाता और वार्ड 3 में सीसी रोड निर्माण जैसे कार्यों में काल्पनिक माप भरकर सरकारी राशि निकाली गई। कार्यों का निरीक्षण तक नहीं किया गया, जो पदीय दायित्वों की खुली अवहेलना है।
इन गंभीर आरोपों के चलते दुर्गेश मालाकार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनका मुख्यालय संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास, क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर निर्धारित किया गया है। यह कार्रवाई पुसौर नगर पंचायत में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ एक कड़ा संदेश मानी जा रही है।



