भाजपा की नवनियुक्त महिला जिलाध्यक्ष मधुलता पटेल ने लोइंग क्षेत्र की बिहान दीदियों से की मुलाकात!


रायगढ़। भारतीय जनता पार्टी रायगढ़ की नवनियुक्त महिला जिलाध्यक्ष एवं अधिवक्ता मधुलता पटेल ने ग्राम लोइंग क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बिहान समूह की दीदियों से आत्मीय भेंट-मुलाकात की। इस अवसर पर बिहान समूह की महिलाओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और महिलाओं में नई ऊर्जा व आत्मविश्वास देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मधुलता पटेल ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत केंद्र सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार महिला सशक्तिकरण और आर्थिक विकास के लिए निरंतर सहयोग कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज समाज की अंतिम पंक्ति में खड़ी महिलाएं भी बिहान समूहों से जुड़कर अपनी आय में बढ़ोतरी कर रही हैं और आत्मनिर्भर बन रही हैं।
मधुलता पटेल ने कहा कि मोदी की गारंटी के तहत छत्तीसगढ़ की लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह महतारी वंदन राशि का लाभ मिल रहा है, जिससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत राज्य के करीब 18 लाख हितग्राहियों को पक्का मकान उपलब्ध कराया गया है, जिससे गरीब परिवारों का सपना साकार हुआ है।
उन्होंने आगे कहा कि आज सरकार की विकास योजनाओं में महिलाओं की भागीदारी ऐतिहासिक रूप से बढ़ी है। महिलाएं केवल घर-गृहस्थी तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि किचन से निकलकर देश और समाज के हर क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं—चाहे वह स्वरोजगार हो, पंचायत व्यवस्था हो या सामाजिक नेतृत्व।
कार्यक्रम के अंत में मधुलता पटेल ने बिहान दीदियों से सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और अन्य महिलाओं को भी इससे जोड़ने का आह्वान किया। महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और सरकार द्वारा मिल रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।



